ऐश्वर्या के 40वें जन्मदिवस पर विशेष.......

बॉलीवुड की बेहद दिलकश, खूबसूरत ऐक्ट्रेस और बॉलीवुड के 'शहंशाह' अमिताभ बच्चन की बहु ऐश्वर्या राय बच्चन आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं| 1 नवंबर 1973 को मैंगलोर में जन्मी ऐश्वर्या का नाम हिन्दी फिल्म जगत की उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल है, जिन्होंने फिल्मों में अभिनेत्रियों को महज शो पीस के तौर पर इस्तेमाल किये जाने की परंपरागत सोच को बदला है| ऐश ने बॉलीवुड को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष पहचान दिलायी है|

ऐश्वर्या के जन्म के कुछ सालों बाद उनका परिवार मुंबई आ गया और यही उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की| बचपन में ऐश्वर्या एक वास्तुकार बनना चाहती थी लेकिन वक़्त के साथ उनका रूझान मॉडलिंग इंडस्ट्री की ओर हो गया| ऐश्वर्या के मॉडलिंग का सफ़र नौवीं कक्षा से ही शुरू हो गया | पहली बार कैमलिन कंपनी की तरफ से उन्हें मॉडलिंग का प्रस्ताव मिला|

इस प्रस्ताव के बाद तो जैसे ऐश्वर्या का भाग्य तय हो गया और इसके बाद वे कोक, फूजी और पेप्सी के विज्ञापन में भी नज़र आयीं| इस दौरान उन्होंने अपनी पढ़ाई को जारी रखा| ऐश्वर्या राय ने वर्ष 1994 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में सुष्मिता सेन के बाद दूसरा स्थान जीता| उसी साल ऐश्वर्या ने 'मिस वर्ल्ड खिताब' पर भी कब्जा जमा लिया|

ऐश्वर्या राय ने साल 1997 में विवादास्पद तमिल फिल्म 'इरूअर' से अपने सिने कैरियर की शुरूआत की| इस फिल्म में वह दक्षिण भारत के जाने माने अभिनेता मोहन लाल के साथ नज़र आईं| विवादों में घिरे होने की वजह से फिल्म को व्यावसायिक सफलता तो नहीं मिली लेकिन ऐश्वर्या राय ने अपने दमदार अभिनय से समीक्षकों का दिल जीत लिया|

हिन्दी में उनकी पहली फिल्म 'और प्यार हो गया' थी| इसके बाद उन्होंने ढेर सारी हिंदी फिल्मों में काम किया लेकिन ऐश्वर्या को निर्देशक सुभाष घई की फिल्म ‘ताल’ से विशेष पहचान मिली। हिन्दी फिल्मों में संजय लीला भंसाली द्वारा बनायी गयी फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' से उन्होंने कामयाबी का जो स्वाद चखा वो आज तक बरकरार है। ऐश्वर्या और सलमान की यह जोड़ी काफी लोकप्रिय रही।

भारतीय सिनेमा की सबसे खूबसूरत अदाकाराओं में शुमार ऐश्वर्या का नाम कभी सलमान खान से भी जुड़ा था। कई बरसों तक इन दोनों का प्यार परवान चढ़ता रहा लेकिन फिर रास्ते बदल गए। ऐश ने सलमान से जुड़ीं पुरानी यादों को भुलाने के लिए अभिनेता विवेक ओबेराय का सहारा लेना चाहा, लेकिन वह भी उन्हें रास नहीं आया। इसके बाद इस विश्व-सुंदरी का दिल अभिषेक बच्चन पर आया और वे दोनों शादी के बंधन में बंधकर एक हो गए।

साल 2000 ऐश्वर्या के लिए खुशियों का खजाना लेकर आया और इस साल सिनेमाघरों में आयी उनकी उनकी फिल्म 'जोश' को जबरदस्त सफलता हासिल हुई| इस फिल्म में वह बॉलीवुड के 'बादशाह' शाहरुख़ खान की बहन की भूमिका में नज़र आईं| ऐश्वर्या की 'हमारा दिल आपके पास है' और 'मोहब्बते' जैसी फिल्मों ने भी दर्शकों के दिल में एक ख़ास जगह बना ली और टिकट खिडक़ी पर शानदार सफलता हासिल की|

साल 2002 में शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के मशहूर उपन्यास 'देवदास' पर बनी फिल्म ऐश्वर्या जीवन की यादगार फिल्म साबित हुई| संजय लीला भंसाली की इसी नाम से बनी फिल्म में पारो के अपने किरदार से उन्होंने दर्शको का दिल जीत लिया| इस फिल्म को कांस फिल्म समारोह में विशेष स्क्रीनिंग के दौरान दिखाया गया| साथ ही इस फिल्म के लिये वह दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित हुईं|

साल 2009 में फिल्म क्षेत्र में ऐश्वर्या के सराहनीय योगदान को देखते हुये उन्हें 'पदमश्री पुरस्कार' से सम्मानित किया गया| इसके अलावा उन्होंने कुछ बांग्ला फिल्में की हैं। सन 2004 में ही पहली बार उन्होंने गुरिंदर चड्ढा की एक अंग्रेजी फिल्म 'ब्राइड ऐंड प्रेज्यूडिस' में भी काम किया। इसके बाद उन्होंने ‘प्रोवोक्ड’,‘द मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेस’ और ‘पिंक पैथर-2’ जैसी अंग्रेजी फिल्मों में भी काम कर विश्व-पटल पर अपनी खूबसूरती और अभिनय की धाक जमा दी। टाइम मैगजीन ने वर्ष 2004 में उन्हें दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में भी शुमार किया है।

वक्त के साथ ऐश्वर्य की पहचान और नाम भी बदल गया है। 20 अप्रैल 2007 को ऐश्वर्या बॉलीवुड के महानायक अभिताभ बच्चन के बेटे और अभिनेता अभिषेक बच्चन साथ विवाह के बंधन में बंध गई| एक शानदार और दमदार अभिनेत्री के रूप में स्थापित ऐश आज प्रतिष्ठित बच्चन परिवार की बहू बनकर कुछ और खास हो गई हैं।

शादी से ठीक पहले उन्होंने अभिषेक के साथ मणिरत्नम की फिल्म ‘गुरु’ में काम किया था और हाल ही में दोनों मणि की ही फिल्‍म ‘रावण’ में नजर आ चुके हैं। भारत में अभिनेत्रियों की शादी हो जाने के बाद उनका फिल्मी करियर एक तरीके से खत्म माना जाता है लेकिन ऐश्वर्य के साथ फिल्म बनाने वाले निर्देशकों का कहना है कि उनका जादू अभी कायम रहेगा। शादी के बाद भी ऐश्वर्या ने काम करना जारी रखा और कई बेहतरीन फिल्मों में अभिनय किया|

ऐश की पिछले साल प्रदर्शित हुईं फिल्‍मों में ‘गुज़ारिश’, ‘एक्शन रिप्‍ले’ ‘रावन’ और ‘रोबोट’ शामिल हैं, जिनमें ‘रोबोट’ सबसे ज्‍यादा सफल फिल्म रही। हालांकि इसका तमिल संस्‍करण ‘एंधिरन’ ज्यादा हिट रहा। ऐश्‍वर्य की आगामी फिल्‍म है ‘लेडीज एंड जैंटलमेंट’ जो साल 2012 में प्रदर्शित होगी।

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार, इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकाडमी अवॉर्ड, स्टार स्क्रीन अवॉर्ड्स, जी सिने अवॉर्ड्स और स्टारडस्ट अवॉर्ड्स जीतनेवालीं ऐश्वर्य को महानायक अमिताभ बच्‍चन और सासू मां जया बच्‍चन का स्नेह मिला है| बीते 16 नवंबर 2011 को ऐश ने आराध्या को जन्म दिया। दुनिया के सबसे खूबसूरत महिलाओं में शुमार ऐश्वर्या राय भारत की सबसे धनी महिलाओं में शामिल हैं। दुनिया भर में उनके चाहने वालों ने ऐश्वर्या को समर्पित लगभग 17,000 इंटरनेट साइट बना रखे हैं| मिस वर्ल्‍ड रह चुकीं ऐश्‍वर्या के दुनियाभर में आज भी करोड़ों फैंस हैं जो बॉलीवुड दिवा को उनके जन्मदिन पर मुबारकबाद दे रहे हैं। 'हुस्न की ये मल्लिका' आज भी दिलों पर राज कर रही है|

कोई टिप्पणी नहीं: