Vineet Verma लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Vineet Verma लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

लीडिया ही नहीं और भी बच्चों के पास है आइंस्टीन जैसा दिमाग

विनीत वर्मा । आमतौर पर किसी भी व्यक्ति के बौद्धिक स्तर यानी आईक्यू को उसकी बौद्धिक योग्यता का पैमाना माना जाता हैं और उसके आईक्यू के आधार पर उसकी परख की जाती है। इंग्लैंड में भारतीय मूल की एक बारह वर्षीय बालिका लीडिया सेबेस्टियन नें आईक्यू टेस्ट में आइंस्टीन जैसे दिग्गज वैज्ञानिक को भी पीछे छोड़ दिया। उसका आईक्यू लेवल अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग जैसे वैज्ञानिकों से भी ज्यादा है। लीडिया ने अधिकतम 162 का स्कोर हासिल किया है। हालांकि हॉकिंग और आइंस्टीन ने कभी इस तरह का आईक्यू टेस्ट नहीं दिया, लेकिन उनका आईक्यू 160 के स्कोर का माना जाता है।

यूके के मेन्सा मे आयोजित एक आईक्यू टेस्ट में लीडिया ने 162 का संभावित सर्वाधिक स्कोर हासिल किया है। ऐसा माना जाता है कि हॉकिंग और आइंस्टीन का आईक्यू 160 था और मेनसा दुनिया की सबसे बड़ी और पुरानी आईक्यू सोसायटी मानी जाती है। इसके बारे में बताते हुए लीडिया कहती हैं कि सुरू में वो काफी नर्वस थीं, लेकिन टेस्ट शुरू होते ही उसे सब आसान लगने लगा। आईक्यू लेवल का टेस्ट मेन्सा सोसायटी की ओर से लिया जाता है, जो दुनिया की सबसे बड़ी संस्था है। इसकी मेंबरशिप कोई भी ले सकता है। इसके टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए टॉप 2 फीसदी में आपको जगह बनानी पड़ती है। इसके लिए अलग से चयन प्रक्रिया है। गार्डियन में प्रकाशित एक खबर के मुताबिक लीडिया ने कहा कि टेस्ट में उसकी भाषा के साथ उसके तार्किक पक्ष का आकलन भी किया गया। 

इस बारे में बताते हुए लीडिया के पिता अरुण सेबेस्टियन जो एसेक्स में एक रेडियोलॉजिस्ट हैं उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने आईक्यू टेस्ट में अपने आप ही रुचि दिखाई और फिर उनकी पत्नी से इस बारे में बात करने के बाद टेस्ट के लिए राजी कर लिया। लीडिया के बारे में कुछ असामान्य बातें जो सुनकर आप चौंक जाएंगे। लीडिया अपने जन्म के छठे महीने में बोलने लगी थी। चार साल की छोटी से उम्र से लीडिया वायलन बजा रहीं हैं और हैरी पॉटर के किताबों के सीरीज को वे तीन बार पढ़ चुकीं हैं। पेपर में भाषाई कौशल, एनालॉजी और परिभाषाएं, तर्क शक्ति से जुड़े सवाल पूछे गए थे। इसमें 150 सवाल होते हैं। बड़ों का अधिकतम स्कोर 161 और 18 साल से कम उम्र के बच्चों का 162 हो सकता है।

आपको बता दें कि लीडिया पहली लड़की नहीं है जिसका दिमाग आईक्यू टेस्ट में आइंस्टीन जैसा है| इंडियन गूगल बॉय के नाम से मशहूर कौटिल्य पंडित का उम्र महज पांच साल 11 महीने में आईक्यू लेवल 130 निकला था | कौटिल्य का दिमाग इतना तेज की कम्प्यूटर और अंतरिक्ष से लेकर इतिहास के सवालों का जवाब तपाक से दे देते हैं| पिता सतीश शर्मा बताते हैं कि कुछ दिन पहले तक कौटिल्य पढ़ने में ध्यान नहीं लगाता था और एक बार तो उन्होंने उसकी पिटाई भी कर दी| लेकिन फिर कौटिल्य का ध्यान पढ़ने में लगने लगा और अब तो वह सवाल पूछना बंद ही नहीं करता है, "वह तब तक पूछता रहता है, जब तक उसे बात समझ नहीं आ जाती|

भले ही दुनिया बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की दीवानी हो, लेकिन खुद अमिताभ कौटिल्य के दीवाने हैं| बच्चों के लिए एक खास टीवी शो में उनकी मुलाकात कौटिल्य से हुई और तभी से वह पांच साल के इस बच्चे से प्रभावित हैं| उन्होंने तो परिचय भी कुछ इस तरह दिया था देवियो और सज्जनो! ये हैं महा तेज, महा ज्ञानी, महा बुद्धिमान, महा कीर्तिमानी, ओजस्वी, तेजस्वी, यशस्वी, श्रीमान कौटिल्य पंडित जी| फिलहाल कौटिल्य के बारे में यह भी बता दूँ कि कौटिल्य एक ऐसी कार बनाने की सोच रहे हैं जो दुनिया को अंतरिक्ष की सैर कराएगी। पुष्पक विमान से बेहतर होगी, चारों ओर से खुली होगी। जमीन पर भी सबसे तेज फर्राटा भरने वाली कार से लोग घंटों की दूरी मिनटों में तय करेंगे। न खर-खर की होगी आवाज और न होगा ध्वनि प्रदूषण।

कौटिल्य से पहले सिंगापुर के एक ढाई साल के बच्चे का आईक्यू टेस्ट किया गया था जिसमें उसे 142 अंक मिले थे| सामान्य से बहुत ज्यादा आईक्यू लेवल होने के कारण एलिजा कैटलिग को जीनियस क्लब 'मेन्सा' में शामिल किया गया था। जिस समय एलिजा मेन्सा में शामिल किये गए थे उस समय उनकी उम्र सिर्फ 2 साल 6 महीने है, इसी उम्र में वो स्टोरी बुक पढ़ लेते थे और पैटर्न सॉल्व कर लेते थे। साथ ही वो खुद से बहुत ज्यादा बड़े लोगों के लिए बने आईक्यू गेम्स को भी अच्छे से खेल लेते थे। एलिजा के पैरंट्स ने पिछले महीने उनका मनोवैज्ञानिक टेस्ट करवाया जिसमें उनका आईक्यू स्कोर 142 दिखा। विशेषज्ञों का मानना है कि फेमस साइंटिस्ट आइंस्टीन का आईक्यू 160 के आसपास रहा होगा।

एलिजा के अलावा वर्ष 2012 में ब्रिटेन में एक चार साल की लड़की का बौद्धिक स्तर 159 मापा गया था जो कि अलबर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग के आई क्यू से मात्र एक अंक कम था| हैंपशायर की हेडी हैन्किंस ने दो वर्ष की आयु में ही चालीस तक गिंती करना सीख लिया था| वह लोगों के चित्र बनाने लगी थीं, कविताएं पढ़ने लगी थी और सात वर्ष के बच्चों के लिए लिखी गई पुस्तकें भी पढ़ने लगी थीं| एक साल के अंदर ही उन्होंने जोड़ना और घटाना भी सीख लिया था| उसके माता पिता 47 वर्षीय मैथ्यू और 43 वर्षीय उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी पुत्री को सितंबर में शुरू होने वाले सत्र में स्कूल न जाना पड़े| मेन्सा के अनुसार एक सामान्य व्यक्ति का आइ क्यू 100 होता है जबकि 130 के आई क्यू को अच्छा माना जाता है| 2009 में रेडिंग के ढ़ाई वर्ष के ऑस्कर रिगली को मेन्सा के सबसे कम उम्र के सदस्य होने का सम्मान मिला था| उनका बौद्धिक स्तर 160 मापा गया था|

इसके अलावा अमेरिका के 14 वर्षीय जैकब बार्नेट क्वांटम के आईक्यू को अल्बर्ट आइंस्टीन के आईक्यू से बेहतर आंका गया था| जैकब की इस कामयाबी में उनकी मां क्रिस्टीन बार्नेट का अहम योगदान रहा है| जब बार्नेट महज साढ़े तीन साल के हुए तो एक दिन क्रिस्टीन उन्हें पड़ोस के ताराघर ले गई| जहां एक प्रोफेसर एक लेक्चर देने के बाद बच्चों से सवाल पूछ रहे थे| क्रिस्टीन ये देखकर आश्चर्य में पड़ गईं कि जैकब हर सवाल का सही जवाब दे रहा था| इसके बाद क्रिस्टीन ने अपने बेटे को पढ़ाने के लिए एक नई तरकीब विकसित की, मचनेस के नाम से. इस तरकीब के जरिए क्रिस्टीन ने हर उस काम को करने पर जोर दिया जिससे जैकब का उत्साह और मनोबल बढ़ता था| इसके चलते क्रिस्टीन ने दूसरे सामान्य बच्चों के बीच जैकब को खेलने कूदने का भी मौका दिया और देखते देखते जैकब के जीवन में तेजी से बदलाव आने लगा| महज आठ साल की उम्र में जैकब कॉलेज में पढ़ने लगे|

जैकब बार्नेट क्वांटम के अलावा अमेरिका की ही रहनी वाली एक तीन साल लड़की को जीनियस क्‍लब ‘मेन्‍सा’ में शामिल कर लिया गया था। उसका भी बौद्धिक स्तर आइंस्टीन के करीब निकला था| ऐलेक्सिस नाम की इस लड़की के माता-पिता का कहना कि उन्हें लड़की के इतने तेज दिमाग की जानकारी तब हुई जब उसने एक रात पहले सुनी कहानी को बिल्‍कुल उसी तरह दोहरा दिया। ऐलेक्सिस स्‍पेनिश भाषा भी काफी अच्छे ढंग से बोल लेती है। ऐलेक्सिस ने ये भाषा एक एप्प के जरिये सीखी थी। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि ऐलेक्सिस का आईक्यू एल्‍बर्ट आइंस्‍टीन के आईक्‍यू के बराबर है हालांकि आजतक आइंस्‍टीन ने किसी तरह के आईक्‍यू कम्पटीशन में भाग नहीं लिया था। ऐलेक्सिस का नाम मेन्‍सा में शामिल होने पर विशेषज्ञों ने कहा कि मेन्‍सा में सिर्फ वही लोग शामिल हो पाते हैं जिनका आईक्‍यू बहुत ऊंचा हो और ऐलेक्सिस को उन लोगों में शामिल किया गया है।