Birthday लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Birthday लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

हैप्पी बर्थडे करीना

बॉलीवुड की बोल्ड, सेक्सी अभिनेत्री और बेहतरीन अदाकारी के बल पर सुर्खियों में रहने वाली और सफलता की ऊंचाइयां छूनेवाली करीना कपूर आज अपना 36वां जन्मदिन मना रहीं हैं। करीना कपूर, राज कपूर के बेटे अभिनेता रणधीर कपूर और अभिनेत्री बबिता की दूसरी बेटी हैं। करिश्मा कपूर की छोटी बहन और अभिनेता सैफ अली की बेगम करीना का जन्म 21 सितम्बर 1980 को मुंबई में हुआ था। लोग उन्हें प्यार से बेबो बुलातें हैं। खबर है कि 'छोटे नवाब' सैफ अली खान अपनी 'बेगम' के लिए लंदन में शानदार बर्थडे पार्टी आयोजित कर रहे हैं, जिसमें इनके करीबी दोस्‍त शामिल होंगे। 

करीना ने वर्ष 2000 में रिफ्यूज़ी से अपने फिल्म सफर की शुरुआत की। इस फिल्म में उनके अपोजिट अभिषेक बच्चन थे| 'रिफ्यूजी' बॉक्स ऑफिस पर पिट गई लेकिन इस फ़िल्म में उन्हें अपने अभिनय के लिए 'फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू' का पुरस्कार मिला। इसके बाद आईं उनकी फिल्में 'मुझे कुछ कहना है' और 'ख़ुशी' भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं लेकिन 'मुझसे दोस्ती करोगे' और 'कभी खुशी कभी गम' जैसी फिल्मों से करीना ने बड़ी ही आसानी से खुद को कॉमर्शियल सिनेमा में स्थापित कर दिया मगर शायद इतना करके वे चुप नहीं बैठना चाहती थीं। 

चमेली, देव और ओंकारा जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के दम पर उन्होंने खुद को शो-पीस कहने वाले आलोचकों को चुप करा दिया। इन फिल्मों के जरिये करीना ने खुद को साबित किया कि वह केवल 'ग्लैमरस गर्ल' ही नहीं है बल्कि एक अच्छी अभिनेत्री भी हैं। इसके बाद करीना ने 'जब वी मेट' और 'थ्री इडियट्स' जैसी कई सुपरहिट फ़िल्में दी| वर्ष 2007 की सुपरहिट फिल्म 'जब वी मेट' ने सफलता की नई दास्तां लिखी। इस फिल्म के लिए करीना को 'फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री' पुरस्कार दिया गया। बॉलीवुड के तीनों खानों के साथ काम कर चुकी करीना को लोग आज बॉलीवुड की नंबर वन अभिनेत्री मानते हैं। 

वैसे फिल्मों से ज्यादा करीना अपनी निजी जिंदगी की वजह से चर्चा में रही हैं| करीना का नाम बॉलीवुड फिल्म 'इश्क-विश्क' से एंट्री करने वाले शाहिद कपूर के साथ जोड़ा गया| उन दोनों ने फिल्म 'फिदा', '36 चाइना टाउन', 'जब वी मेट' जैसी फिल्में की जो सफल रहीं| फिल्मों में काम करने के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से प्यार की पींगें बढ़ाईं| आज भले ही सैफ और करीना की शादी हो गई है लेकिन करीना का पहला प्यार सैफ नही बल्कि शाहिद थे| जब इनके प्यार के चर्चे हर एक की जुबान पर थे तभी एक एमएमएस ने हंगामा मचा दिया| 20 सेकंड के इस एमएमएस में शाहिद औऱ करीना एक-दूसरे को किस करते हुए दिखे थे| इस एमएमएस के चलते करीना ने जमकर सुर्खियां बटोरी और इसे खानदान की किरकिरी के तौर पर भी देखा गया|

करीना बॉलीवुड की उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शुमार की जाती हैं, जिनकी चार फिल्मों ने 100 करोड़ रुपए से अधिक का बिजनेस किया है। इन फिल्मों में थ्री इडिएट्‍स, बॉडीगार्ड, रॉ वन और गोलमाल-3 हैं। करीना की खूबसूरती को दुनिया सलाम करती है वहीं इंडस्ट्री की सबसे हॉट ऐक्ट्रेस करीना को भी सेक्सी कहलाना बेहद पसंद है। हाल ही में 'मैग्ज़िम' ने करीना को दुनिया की 'सबसे हॉट ऐक्ट्रेस का खिताब दे डाला। 

करीना को उनके अभिनय के लिए 13 साल के करियर में 6 बार बेस्ट एक्ट्रेस के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला चुका है। करीना अपने करियर में बॉलीवुड के तमाम बड़े एक्टर्स के साथ काम कर चुकी है। जीरो फिगर के लिए मशहूर करीना कपूर के फेवरेट फूड की बात की जाए तो करीना को हर तरह का फूड पसंद है और उससे भी ज्यादा उन्हें दाल चावल खाना सबसे ज्यादा पसंद है। करीना का कहना है कि वो खाने के मामले में चूजी नहीं हैं। जो मिलता है खा लेतीं है। उनकी पसंदीदा जगह गोवा है। करीना के काम के साथ साथ उनका अफयेर भी चलता रहा शाहिद कपूर से अलग होने के बाद सैफ अली खान के साथ लम्बे अफेयर के बाद वर्ष 2012 में शादी कर ली।

दया, करुणा की साक्षात मूर्ति थीं मदर टेरेसा

दया, प्रेम और वात्सल्य का असली चेहरा मदर टेरेसा, जिन्होंने यूगोस्लाविया से निकल कर भारत में अपने सेवाभाव से जुड़े कार्यक्रम की शुरुआत की और विश्व भर में इसके सफल संचालन से लोगों के बीच मां का दर्जा पाया। 12 वर्ष की अवस्था में ही उन्होंने अपने हृदय की आवाज पर समाज को अपना जीवन समर्पित करने का फैसला कर लिया था। "शांति की शुरुआत मुस्कुराहट से होती है।" इस विचार में विश्वास रखने वाली मदर टेरेसा यानी एग्नेस गोंझा बोयाजीजू का जन्म यूगोस्लाविया के एक साधारण व्यवसायी निकोला बोयाजीजू के घर 26 अगस्त 1910 में हुआ था लेकिन रोमन कैथोलिक मदर टेरेसा का बापतिज्मा 27 अगस्त को होने की वजह से उनका वास्तविक जन्मदिन इसी दिन पूरे विश्व में मनाया जाता है। 

वह 18 वर्ष की आयु में 1928 में भारत के कोलकाता शहर आईं और सिस्टर बनने के लिए लोरेटो कान्वेंट से जुड़ीं और इसके बाद अध्यापन कार्य शुरू किया। उन्होंने 1946 में हुए सांप्रदायिक दंगे के दौरान अपने मन की आवाज पर लोरेटो कान्वेट की सुख सुविधा छोड़ बीमार, दुखियों और असहाय लोगों के बीच रह कर उनकी सेवा का संकल्प लिया। 

मदर टेरेसा ने एक दशक तक कोलकाता के झुग्गी में रहने वाले लाखों दीन दुखियों की सेवा करने के बाद वहां के धार्मिक स्थल काली घाट मंदिर में एक आश्रम की शुरुआत की। लारेटो कान्वेंट छोड़ने के वक्त उनके पास सिर्फ पांच रुपये ही थे लेकिन उनका आत्मबल ही था जिससे उन्होंने 'मिशनरीज ऑफ चैरिटी' की शुरुआत की और आज 133 देशों में इस संस्था की 4,501 सिस्टर मदर टेरेसा के बताए मार्ग का अनुसरण कर लोगों को अपनी सेवाएं दे रही हैं। 

मदर टेरेसा ने भारत में कार्य करते हुए यहां की नागरिकता के साथ सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्राप्त (1980) किया और यहां के साथ-साथ पूरे विश्व में अछूतों, बीमार और गरीबों की सेवा की। लेकिन उन्होंने कोलकाता में विशेष रूप से काम किया और फुटपाथ पर रहने वाले लोगों के लिए घर बनाने की शुरुआत यहीं से की। उनके आश्रम का दरवाजा हर वर्ग के लोगों के लिए हमेशा खुला रहता था। 

मदर टेरेसा ने अपने कार्यक्रम के जरिए गरीब से गरीब और अमीर से अमीर लोगों के बीच भाईचारे और समानता का संदेश दिया था। उन्होंने किसी भी धर्म के लोगों के बीच कोई भेद नहीं किया। विश्व में मां का दर्जा पा चुकीं मदर टेरेसा गर्भपात के सख्त खिलाफ थीं और एक बार ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक सम्मेलन में उन्होंने कहा था, "मैं किसी भी ऐसी महिला को कोई बच्चा गोद लेने नहीं दे सकती जिसने कभी भी अपना गर्भपात करवाया हो। ऐसी महिला बच्चे से प्यार कर ही नहीं सकती।"

समाज में दिए गए उनके अद्वितीय योगदान की वजह से उन्हें पद्मश्री (1962), नोबेल शांति पुरस्कार (1979) और मेडल ऑफ फ्रीडम (1985) प्रदान किए गए। पांच दशक से भी अधिक वर्षों तक दुखियों की सेवा से जुड़ी रहीं मदर टेरेसा ने पांच सितम्बर 1997 को दुनिया को अलविदा कह दिया। दुनिया भर के लोगों की तरह पोप जॉन पाल द्वितीय भी उनके प्रशंसकों में से एक थे। उन्हें उनकी मृत्यु के छह साल बाद ही इटली की राजधानी रोम में 'धन्य' यानी धार्मिक शब्दावली के अनुसार 'बिएटीफिकेशन' घोषित कर दिया गया। इसका तात्पर्य यह था कि वेटिकन ने यह मान लिया कि उनका व्यक्तित्व दिव्य था और उनकी प्रार्थना भर से लोगों को रोगों से मुक्ति मिल जाती है।

www.pardaphash.com

मदर टेरेसा: मानव सेवा व शांति का प्रतीक

"मैं कभी भी किसी हिंसा विरोधी रैली में शामिल नहीं हो सकती| अगर आप कोई शांति मार्च का आयोजन करें तो मुझे जरूर आमंत्रित करें| मैं मानती हूं कि अगर आप जो नहीं चाहते है (हिंसा) उसके आप जो चाहते हैं (शांति) अगर उस पर केंद्रित रहें, तो आप उसे प्रचुरता में पा सकेंगे|" यह शब्द हैं उस व्यक्ति के जिसने अपना सारा जीवन मानवता की सेवा में बिता दिया| प्रेम, शान्ति और मानवता की प्रतिक मानी जाने वाली मदर टेरेसा की सोमवार को 104वीं जयंती थी| इस अवसर पर पूरे विश्व ने उन्हें याद किया|

जीवन परिचय

मेसेडोनिया की राजधानी सोप्जे में 26 अगस्त, 1910 को जन्मीं मदर टेरेसा का वास्तविक नाम अग्नेसे गोंकशे बोजशियु था| उन्होंने जीवन को मात्र आठ साल की कम उम्र में करीब से समझना शुरू कर दिया था जब उनके पिता और अल्बानियाई नेता निकोला बोजशियु का निधन हो गया| मात्र 12 साल की उम्र में ही उन्होंने खुद को 'ईश्वर की सेवा' के प्रति प्रतिबद्ध किया और वर्ष 1928 में आयरलैंड के इंस्टिट्यूट ऑफ ब्लेस्ड वर्जिन मैरी में शामिल हुईं अग्नेशे को सिस्टर मैरी टेरेसा का नाम मिला और वर्ष 1929 में उन्हें कोलकाता में सेवा के लिए भेजा गया| 24 मई, 1931 में उन्होंने नन की शपथ ली|

भारत में लगभग 15 सालों तो तत्कालीन कलकत्ता के सैंट मैरीज हाई स्कूल में पढ़ाने के बाद 10 सितंबर, 1946 को अपनी दार्जीलिंग यात्रा में उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज को अपनी दिशा बनाई और जरूरतमंदों की सेवा में आजीवन जुटने का फैसला लिया| उन्होंने अपने कंधों पर झुग्गियों में रहने वाले बच्चों को पढ़ाने का जिम्मा लिया|

मिशनरी ऑफ चैरिटी

वर्ष 1950 में उन्होंने कलकत्ता में मिशनरी ऑफ चैरिटी नामक संस्था की नींव रखी जिसका उद्देश्य समाज के निचले वर्गों और जरूरतमंदों की सेवा था| इसकी स्थापना के साथ ही उन्होंने नीली किनारे वाली सफेद साड़ी की वेशभूषा को अपनाया| आज इस मिशनरी की शाखाएं दुनिया के सौ से भी अधिक देशों में है और करीब 4000 नन इससे जुड़ी हैं| इसके बाद उन्होंने ‘निर्मल हृदय’ और ‘निर्मला शिशु भवन’ नामक आश्रम भी खोलें जिसमें कुष्ठ रोग जैसे कई गंभीर रोगों से पीड़ित लोगों और गरीबों की सेवा वह खुद करती थीं|

नोबल शांति पुरस्कार-पद्मश्री से सम्मानित

मदर टेरेसा मानवता की सच्ची अनुयायी थीं जिसने अपना समस्त जीवन असहायों की सेवा को समर्पित किया| समाजसेवा के क्षेत्र में उनके समर्पण के लिए उन्हें वर्ष 1962 में भारत सरकार की ओर से पद्मश्री सम्मान और वर्ष 1980 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया| समाजसेवा की दिशा में इनके प्रयासों को न सिर्फ भारत बलिक पूरे विश्व ने मिसाल माना और वर्ष 1979 में नोबल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया| मदर टेरेस ने सम्मान में मिली सारी राशि को गरीबों की सेवा के लिए फंड में दे दिया|

निधन

मानवता को जीवन का उद्देश्य मानने वाली इस महिला ने आजीवन सेवा, त्याग और सद्भाव के रास्ते को ही अपना मार्ग बनाए रखा| मानवता की सेवा में अपना जीवन अर्पित करने वाली मदर टेरेसा का निधन 5 सितंबर, 1997 को कोलकाता में हो गया| उन्होंने अपने वात्सल्य से पहले कोलकाता तो बाद में पूरे देश के गरीब-असहायों का दुःख दर्द मिटाया| भारत के लिए उनका प्रेम ही था जिसने उन्हें सबके दिल में जगह दिला दी|