जन्माष्टमी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
जन्माष्टमी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

...यहां संतान प्राप्ति के लिए महिलाएं भरती हैं यशोदा मैया की गोद

देश और दुनिया में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। राधा-कृष्ण के मंदिरों में श्रद्धालु उत्सव मना रहे हैं, मगर इंदौर में एक ऐसा मंदिर है जहां श्रद्धालु माता यशोदा की पूजा करते हैं। बाल गोपाल को गोद में लिए यशोदा मां के इस मंदिर में मान्यता है कि यहां गोद भराई की रस्म करने वाली महिलाओं को संतान की प्राप्ति होती है। जन्माष्टमी का पर्व इस बार रविवार और सोमवार को मनाया जा रहा है, मध्य प्रदेश में यह पर्व अधिकांश स्थानों पर सोमवार को मनाया जाएगा।

हर तरफ तैयारियां चल रही हैं, इंदौर के यशोदा माता मंदिर में रविवार को भी महिलाओं ने आराधना कर अपनी गोद भराई की रस्म कराई ताकि उनकी गोद भर सके। लगभग दो शताब्दी पुराने इस मंदिर में माता यशोदा कृष्ण को गोद में लिए दुलार रही हैं। यह प्रतिमा मनमोहक है और वात्सल्य प्रेम का अनुपम उदाहरण है। मंदिर के पुजारी मनोहर दीक्षित बताते हैं कि इस मंदिर का विशेष महत्व है और माना जाता है कि यहां आने वाली महिलाओं की मनोकामना पूरी होती है, और उनकी गोद भर जाती है।

दीक्षित के अनुसार इस मंदिर में हर गुरुवार महिलाओं की गोद भराई की रस्म होती है, जन्माष्टमी पर यहां आने वाली महिलाएं भी इस रस्म को निभाती हैं। इस रस्म में महिला की गोद में सवा किलोग्राम चावल, नारियल, मीठा और वस्त्र डाला जाता है। यहां आने वाली महिलाओं को निराशा नहीं हाथ लगती। यहां गोद भरने की कामना लेकर आई लक्ष्मी शर्मा बताती हैं कि उन्होंने कई महिलाओं से सुना है कि यशोदा माता मंदिर में दर्शन करने से गोद भर जाती है इसीलिए वह भी यहां आई हैं। उन्होंने यशोदा माता से कामना की है कि वे उनकी भी गोद भर दें। स्थानीय लोग बताते हैं कि यशोदा माता मंदिर में विभिन्न स्थानों से आई महिलाएं अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना करती हैं, और सोमवार को जन्माष्टमी पर इस मंदिर में महिलाओं का तांता लगा रहेगा।

राष्ट्रीय एकता की सच्ची तस्वीर, यहां मुस्लिम भाई मनाते हैं जन्माष्टमी

राजस्थान में एक जगह ऐसा भी है, जहां मुस्लिम समुदाय के लोग दरगाह में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाते हैं। लेकिन बेहद कम लोगों को ही इसकी जानकारी होगी। राजधानी जयपुर से 200 किलोमीटर दूर झुंझुनू जिले के चिरवा स्थित नरहर दरगाह, जिसे शरीफ हजरत हाजिब शकरबार दरगाह के रूप में भी जाना जाता है, में भगवना कृष्ण के जन्मदिन यानी जन्माष्टमी के अवसर पर तीन दिनों का उत्सव आयोजित किया जाता है।
.
दरगाह के सचिव उस्मान अली पठान ने कहा कि यह पर्व पिछले 300-400 वर्षों से मनाया जा रहा है। यहां हर समुदाय के लोग आते हैं। इस समारोह का मुख्य उद्देश्य हिंदुओं और मुस्लिमों में भाईचारे को बढ़ावा देना है। त्योहार के दौरान यहां बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों के लोग आते हैं। उन्होंने कहा कि यहां हजारों हिंदू आते हैं और दरगाह में फूल, चादर, नारियल और मिठाइयां चढ़ाते हैं। त्योहार के दौरान दरगाह के आसपास 400 से ज्यादा दुकानें सज जाती हैं।

जन्माष्टमी की रात यहां मंदिरों की तरह ही कव्वाली, नृत्य और नाटकों का आयोजन होता है। पठान कहते हैं कि यह कहना बेहद मुश्किल है कि यह त्योहार कब और कैसे शुरू हुआ, लेकिन इतना जरूर है कि यह राष्ट्रीय एकता की सच्ची तस्वीर पेश करता है। क्योंकि त्योहार को यहां हिंदू, मुस्लिम और सिख साथ मिलकर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि नवविवाहित जोड़े यहां खुशहाल और लंबे वैवाहिक जीवन की मन्नतें मांगने आते हैं। पास के गांव की रेखा ने कहा कि वह यहां पिछले दो साल से आ रही हैं। यहां आकर उन्हें मानसिक शांति मिलती है। साथ ही वह मेले का भी लुत्फ उठाती हैं।

जन्माष्टमी पर 5057 साल बाद दुर्लभ संयोग

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है| मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की भव्य झांकियां सजाई गई हैं। जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में भी चहल पहल देखी जा रही है| समूचे ब्रज मंडल में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम मची हुई है। चारों तरफ श्रद्धालुओं में अपने आराध्य के जन्मोत्सव को लेकर मस्ती का माहौल है। खासकर युवाओं में गजब का उत्साह दिख रहा है। यहाँ के मठ और मंदिरों की विशेष सजावट की गई है। घरों में भी विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है।

ब्रज क्षेत्र योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आस्था के सरोवर में पूरी तरह सराबोर है। यूं तो श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व देश भर में उत्साह के साथ मनाया जाता है। लेकिन मथुरा नगरी में इसका अलग ही महत्व है। यह भगवान श्रीकृष्ण की जन्म एवं क्रीड़ास्थली है। इस मौके पर मथुरा में देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। 

ज्योतिष के जानकारों की माने तो इस बार 28 अगस्त को मनाई जाने वाली जन्माष्टमी तिथि राशि और नक्षत्र के अनुसार बहुत ही खास है। आज बाल गोपाल 5239 वर्ष के हो जायेंगे| जानकारों के मुताबिक 5057 साल बाद जन्म अष्टमी पर तिथि, वार, नक्षत्र व ग्रहों के अद्भुत मेल का ऐसा संयोग बना है जो श्रीकृष्ण जन्म के समय द्वापर युग में बना था। इस लिहाज से इस बार की जन्माष्टमी विशेष फलदायी होगी। इससे पहले सन 1932 और 2000 में भी बुधवार के दिन जन्म अष्टमी पड़ी थी। उस समय तिथि और नक्षत्र का मेल नहीं था लेकिन इस बार नक्षत्र, दिन, तिथि, लग्न सभी एक साथ विद्यमान रहेंगे। अष्टमी तिथि सूर्योदय से होने के कारण वैष्णव और शैव संप्रदाय इस पर्वको एक ही दिन मनाएंगे। गीता में श्री कृष्ण का जन्म भाद्रपद मास, कृष्ण पक्ष, अष्टम तिथि, बुधवार, रोहिणी नक्षत्र एवं वृषभ के चंद्रमा की मध्य रात्रि में होना बताया गया है।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी को अर्द्धरात्रि अष्टमी पड़ रही है। यह तिथि रोहिणी नक्षत्र में है। इसके अलावा वृष राशि पर चंद्रमा का दुर्लभ एवं पुण्य प्रदायक योग बन रहा है। निर्णय सिंधु में लिखा है कि आधी रात के समय रोहिणी में यदि अष्टमी तिथि मिल जाए तो उसमें भगवान श्री कृष्ण का पूजन करने से तीन जन्मों के पाप समाप्त हो जाते हैं। बुधवार और रोहिणी नक्षत्र का योग हो तो ऐसी जन्माष्टमी पर रखा गया व्रत सौ जन्मों का उद्धार करती है। रोहिणी नक्षत्र और बुधवार एक ही दिन है। इससे जयंती नामक योग बन रहा है। इस योग से हजारों जन्मों का पुण्य संचय हो जाता है।

www.pardaphash.com